बड़वानी में शनिवार दोपहर को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय के पुराना कलेक्ट्रेट पर उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किया गया। पोस्टर हाथों में लेकर किया शांतिपूर्वक प्रदर्शन प्रदर्शन स्थल पर ‘उपवास का आयोजन’ लिखा बैनर लगाया गया था। कार्यकर्ताओं ने ‘भागीरथपुरा की जनता को न्याय दो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर हाथों में लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष नानेश चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह उपवास विरोध प्रदर्शन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बड़वानी जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का आरोप जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस गंभीर घटना के लिए जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने इंदौर में भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद दूषित पानी से लोगों की जान जाने को चिंताजनक बताया। विधायक राजन मंडलोई ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वच्छता के नाम पर वाहवाही लूटने वाली सरकार जनता को पीने का साफ पानी तक नहीं दे पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मौतों का असली आंकड़ा छुपाने की कोशिश कर रही है। जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग विधायक ने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए और प्रत्येक पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानेश चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबूदादा कोटवाल, विधायक राजन मंडलोई, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव, विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


