बड़वानी जिले के राजपुर नगर में एक युवक को नकली किन्नर बनकर लोगों से पैसे वसूलना महंगा पड़ गया। असली किन्नरों ने उसे पकड़ लिया और उसकी साड़ी फाड़कर सरेबाजार पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी शनिवार को सामने आया है। यह घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है। युवक नकली किन्नर बनकर नगर में लोगों से अवैध वसूली कर रहा था। इसी दौरान वहां असली किन्नर पहुंच गए। उन्होंने युवक से पूछताछ शुरू की और शक होने पर उसे पकड़कर मारपीट करने लगे। गुस्साए किन्नरों ने युवक की साड़ी फाड़ दी और उसे नग्न अवस्था में बाजार में घुमाया। किन्नरों ने बताया कि उन्हें जुलवानिया में एक व्यक्ति की ओर से नकली किन्नर बनकर अवैध वसूली करने की सूचना मिली थी। वे उसकी तलाश में निकले थे और राजपुर में उसे पकड़ लिया। पिटाई के बाद जब युवक गिड़गिड़ाने लगा, तो किन्नरों ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


