बढ़ती ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने के निर्देश:मऊगंज कलेक्टर बोले- रैन बसेरे की तुरंत व्यवस्था करें

मऊगंज जिले में बढ़ती ठंड को देखते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी नगरीय निकायों को तत्काल अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, ऐसे में आमजन को ठंड से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर जैन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नईगढ़ी, हनुमना और मऊगंज नगर क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इनमें मुख्य बाजार, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थान शामिल हैं। इसके साथ ही, धान उपार्जन केंद्रों और खाद वितरण केंद्रों पर किसानों की आवाजाही को देखते हुए भी अलाव की उचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है। खुले में कोई रात न गुजारे कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में ठंड में रात न गुजारे। इसके लिए नगर पंचायत की टीमों को नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति खुले आसमान के नीचे पाया जाता है, तो उसे तत्काल नजदीकी रैन बसेरे में पहुंचाकर उसके रहने, गर्म कपड़ों और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने रैन बसेरों में अलाव, कंबल, बिस्तर, स्वच्छ पानी और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी नागरिक को ठंड से कोई असुविधा न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *