गोल्डन गेट से छेहर्टा तक करीब 31 किलोमीटर लंबी जीटी रोड की सर्विस लेन की हालत बेहद खस्ता है। यह सर्विस लेन दोनों ओर बनी है और शहर के लोगों के लिए रोजमर्रा के सफर का मुख्य जरिया है। मुख्य जीटी रोड पर बाहरी वाहनों की वजह से अक्सर जाम रहता है, इसलिए शहर के हजारों लोग आने-जाने के लिए सर्विस लेन का ही इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इन सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। शहर के 85 वार्डों के हजारों लोगों को प्रतिदिन झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश में ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। उनका कहना है कि ये सर्विस लेन आम लोगों के लिए बहुत जरूरी हैं और इनकी अनदेखी करना सीधे तौर पर लापरवाही है। नगर निगम के सिविल इंजीनियर (एसई) संदीप सिंह ने कहा कि बारिश के मौसम के बाद शहर की सभी टूटी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। जीटी रोड की सर्विस लेन की भी मरम्मत करवाई जाएगी। लोगों की शिकायत है कि नगर निगम सिर्फ मुख्य सड़कों की मरम्मत पर ध्यान देता है और सर्विस लेन की अनदेखी कर रहा है। स्थानीय निवासी मनिंदर सिंह, सुच्चा सिंह, सुखविंदर सिंह, निशान सिंह और राज शर्मा ने मांग की है कि इन सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए। उनका कहना है कि ये सर्विस लेन आम लोगों के लिए बहुत जरूरी हैं और इनकी अनदेखी करना सीधे तौर पर लापरवाही है। सड़क की खराब हालत के कारण पैदल चलने वालों, दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को रोज दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मरीजों और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इन टूटी सड़कों से परेशानी होती है।


