चौथ का बरवाड़ा उपखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में लगातार बारिश का दौर जारी रहने से नदी नाले उफान पर है। कुछ दिन पहले बारिश का दौर थमने के चलते नदी नालों में पानी का उफान भी कम हुआ था, लेकिन एक बार फिर से बनास एवं अन्य नदी में पानी आने के कारण इसका सीधा असर आवाजाही पर पड़ रहा है। बीसलपुर और ईसरदा बांध से एक बार फिर से पानी छोड़े जाने के कारण चौथ का बरवाड़ा से शिवाड़ सड़क मार्ग फिर से बंद हो गया है। जिसके चलते हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता बंद होने से लोग परेशान चौथ का बरवाड़ा से शिवाड़ जाने के लिए बनास नदी पार करनी पड़ती है। बनास नदी में आवागमन के लिए दो स्थान पर रपट बनी हुई है। इस साल इन दोनों ही रपट पर लगातार बनास का पानी आने के चलते शिवाड़ जाने वाला मार्ग दो-चार दिन छोड़कर लगातार करीब 2 महीने से बंद है। ऐसे में हजारों लोगों को 25 किलोमीटर दूर शिवाड़ जाने के लिए 70 किलोमीटर दूर वाया टोंक होकर जाना पड़ रहा है । कुछ दिन के लिए बारिश का दौर थमने के चलते बनास की ऐचेर रपट पर ग्रामीणों के सहयोग से आवागमन शुरू हुआ था, लेकिन एक बार फिर से अब यह मार्ग बंद हो गया है। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही लगातार पानी के चलते दोनों ही रपट को काफी नुकसान भी हुआ है। दूसरी और कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पानी के तेज बहाव के बावजूद नदी पार करने का प्रयास भी कर रहे हैं। जिसके चलते कभी भी दुर्घटना घटित हो सकती है।


