थान खम्हरिया| ग्राम बनिया स्थित शिवशक्ति विद्याधाम में 9 से 15 फरवरी तक एक सप्ताह तक महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन वैदिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 6 बजे से हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। इसके पश्चात 8 से दोपहर 3:50 बजे तक तीन पालियों में विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न होगा। साथ ही सपादलक्ष वैदिक महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं शिव महापुराण का पारायण भी किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन सायं 4 बजे से आचार्य पं. राजेश्वर प्रसाद तिवारी द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन दिया जाएगा। संपूर्ण आयोजन उनके सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न होगा, जबकि सह-आचार्य के रूप में पं. बसंत प्रसाद तिवारी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।


