पोंड़ी| राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षक कमलेश लांझे को सम्मानित किया। ये बोड़ला ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल ग्राम लेंजाखार में पदस्थ हैं। उन्होंने भारत के विभिन्न राज्य की जानकारी शृंखला के माध्यम से सरल हिंदी भाषा में 100 से अधिक ऑडियो बुक का निर्माण किया है। इसमें कक्षा 6से 12वीं तक के सभी विषय के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्लेलिस्ट शामिल है,जो कि हिंदी, छत्तीसगढ़ी, हल्बी, पंजाबी, अंग्रेजी, सरगुजिया, संस्कृत आदि में उपलब्ध है। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने इस अभिनव व मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस प्रकार से शिक्षकों ने सामान्य पुस्तक को ब्रेल में अनुवादित कर व ऑडियो बुक्स के माध्यम से दृष्टिबाधित बच्चों के लिए ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, वह वास्तव में शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह कार्य केवल शैक्षणिक नहीं, बल्कि संवेदनशील सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन है। इन ऑडियो बुक्स को गवर्नर टीम के माध्यम से अन्य राज्य तक प्रेषित किया जाएगा,जिससे यह पहल राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित हो सके और देशभर के दृष्टिबाधित विद्यार्थी इसका लाभ प्राप्त कर सके।


