भास्कर न्यूज | बेमेतरा बेरला थाना क्षेत्र के ग्राम चेटुवा सरगांव के खेत में मंगलवार को बबूल पेड़ पर एक अधेड़ और युवती की लाश लटकी मिली। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय रामजी साहू और 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई। दोनों ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। बेरला टीआई कृष्णकांत ठाकुर ने बताया कि गांव वालों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बेरला स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट 3 मई को थाना धरसींवा जिला रायपुर में दर्ज की गई थी। बताया कि दोनों ग्राम कुरा थाना धरसीवा रायपुर के निवासी थे। रामजी का वहीं कॉस्मेटिक की दुकान है। युवती उसी दुकान में काम करती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार युवती की 7 मई को सगाई होने वाली थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिए गए। इधर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव के लोगों से इस संबंध मंें पूछताछ की जा रही है।


