बम्हनी में बिक रही शराब, ऐसी और भी 72 शिकायत की गई

भास्कर न्यूज | महासमुंद जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित और नियमानुसार निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। चौपाल में ग्राम नर्रा के शेख फरीद ने नलकूप खनन के लिए आवेदन दिया। ग्राम तेंदुकोना की कमला साहू और चोरभट्टी के दिनेश यादव ने आकस्मिक मृत्यु पर मिलने वाली शासकीय सहायता राशि की मांग की। ग्राम मुढ़ेना के हेमलाल सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के लाभ के लिए गुहार लगाई। ग्राम पंचायत बम्हनी के ग्रामीणों ने गांव में हो रही अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। घोड़ारी की फनिया ठाकुर ने शौचालय और गैस कनेक्शन, वहीं संजय ध्रुव ने निजी जमीन पर अवैध अतिक्रमण रोकने के लिए आवेदन सौंपा। इसके अलावा किसान सम्मान निधि और श्रमिक कार्ड में संशोधन के मामले भी सामने आए। कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का बारीकी से अवलोकन करें और पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *