बरगद के पेड़ से लटका मिला युवक का शव:रात में नहीं आया था घर, हत्या या आत्महत्या की जांच जारी

गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। छंछदो मैदान में स्थित बरगद के पेड़ पर एक युवक का शव गमछे के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान नावासार गांव के रहने वाले चंदन कुमार पंडित (23) के रूप में हुई। सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। बेंगाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता मुरारी पंडित पास में ही एक लाइन होटल चलाते हैं। चंदन भी होटल के काम में पिता की मदद करता था। परिजनों के मुताबिक, चंदन शाम 7 बजे तक घर पर था। इसके बाद वह रात में घर नहीं लौटा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *