बलरामपुर जिले के जमुआटाड़ गांव में एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को धान से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना बलरामपुर जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित जमुआटाड़ में हुई। बुधूडिह की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रैक्टर जमुआटाड़ के पंचायत भवन के पास पहुंचा, तभी उसने सड़क किनारे पैदल चल रहे सोट चेरवा (22) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे खेत में जा उतरा। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर काफी तेज गति से चलाया जा रहा था और उसमें क्षमता से अधिक धान भी भरा हुआ था।


