भास्कर न्यूज | जांजगीर बलौदा के ग्राम करहीडीह में बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए बलवा-मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच महिला समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार करहीडीह निवासी अंजू कुमारी कुर्रे ने 21 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार धर्मेंद्र कुर्रे, जितेन्द्र कुर्रे, जागेश्वरी कुर्रे, मोगरा कुर्रे, सुमन कुर्रे, पूनम कुर्रे व राजेश्वरी कुर्रे ने बाउंड्री बनाने की बात को लेकर विवाद किया था। आरोपियों ने अंजू, पति करन कुर्रे व अन्य से गाली-गलौज कर हाथ-मुक्का, लाठी-ब्लेड से मारपीट की। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 191(2), 296, 351(2), 115(2), 118(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया था। जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के अपराध कबूल करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।


