सलूम्बर जावर माईन्स थाना पुलिस ने बलारिया खदान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 501 रुपये के इनामी आरोपी को गुजरात के जामनगर से गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल चावला और वृताधिकारी चान्दमल सिंगारिया के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा (उप-निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। कई दिनों की पड़ताल के बाद टीम ने आरोपी की लोकेशन गुजरात के जामनगर में ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया। चोरी की घटना 20 सितंबर 2024 की सुबह 4:10 बजे हुई थी। हिन्दुस्तान जिंक जावर माईन्स की सुरक्षा में तैनात एस.आई.एस. सिक्योरिटी प्राइवेट कंपनी के असाइनमेंट मैनेजर ने 23 सितंबर 2024 को जावर माईन्स थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात चोर बलारिया स्थित स्टोर के पास केबल एरिया में घुसे और वहां रखी जम्बो मशीन की कॉपर केबल काटकर ले गए। इस चोरी से कंपनी को काफी नुकसान हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिरों, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल आरोपी गंगाराम मीणा गुजरात में छिपा हुआ है। विशेष टीम ने जामनगर, गुजरात में दबिश दी और 26 वर्षीय गंगाराम पिता नारायण मीणा को हिरासत में लिया। गंगाराम मीणा हवनापानी, कृष्णपुरा सिंघटवाड़ा, थाना जावर माईन्स का निवासी है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस सफल कार्रवाई में सहायक उप-निरीक्षक नारायणलाल, जगदीश, सोहन सिंह, देवीसिंह, साइबर सेल सलूम्बर के हेमेन्द्रसिंह और युवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जावर माईन्स पुलिस की इस कार्रवाई को बड़े अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


