बलौदाबाजार हिंसा…क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल अरेस्ट:बोले- यह भाजपा और कांग्रेस की साजिश, हिंसा-आगजनी में अहम भूमिका निभाने का आरोप

बलौदाबाजार हिंसा मामले में लगातार गिरफ्तारी हो रही है। इस मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 10 जून 2024 को हुई हिंसा-आगजनी में अमित बघेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अपनी गिरफ्तारी पर अमित बघेल ने इसे भाजपा और कांग्रेस की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ियों को कुचलना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और उन्होंने आंदोलन का समर्थन किया था, लेकिन घटना के दिन बलौदाबाजार में आगजनी का समर्थन नहीं किया। दरअसल, बुधवार को पुलिस अमित बघेल को रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लेकर पहुंची और कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिनों के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। 11 जनवरी को क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव और पार्टी के सह-सचिव दिनेश वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पहले जानिए बलौदाबाजार में क्या हुआ था ? जानकारी के मुताबिक, 15 मई 2024 की देर रात सतनामी समुदाय के धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम से करीब 5 किमी मानाकोनी बस्ती स्थित बाघिन गुफा में लगे धार्मिक चिन्ह जैतखाम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में समाज के हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का आरोप है कि पकड़े गए लोग असली आरोपी नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचा रही है। इस मामले में कई दिनों से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा था। 9 जून 2024 को डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने न्यायिक जांच कराने के निर्देश दिए। अब जानिए हिंसा वाले दिन 10 जून को क्या हुआ ? सतनामी समाज की ओर से 10 जून को शांतिपूर्ण प्रदर्शन बुलाया गया। प्रशासन की अनुमति से कलेक्ट्रेट के पास दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर रहा था। अचानक से लोग उग्र हो गए और बवाल बढ़ता चला गया। हिंसा के दौरान कलेक्टर-एसपी दफ्तर में आगजनी की गई। कई गाड़ियां जला दी गई। उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार और 2 दमकल वाहन को आग के हवाले कर दिया। लोगों ने कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इसके बाद कुछ लोगों ने कलेक्ट्रेट में आगजनी की। इससे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ध्वजारोहण के पोल पर सफेद रंग का ध्वज लगा दिया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसमें पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डिप्टी CM विजय शर्मा सोमवार देर रात घटनास्थल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए। ……………………………………… इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… बलौदाबाजार हिंसा…क्रांति सेना प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव गिरफ्तार: आगजनी मामले में दिनेश वर्मा भी पकड़ाया, अब तक 200 की हो चुकी है गिरफ्तारी बलौदाबाजार में 10 जून 2024 को हुई हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें क्रांति सेना के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव और संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल के सहयोगी दिनेश वर्मा शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *