बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दिसंबर में बढ़े पर्यटक:पिछले साल से 677 अधिक सैलानी पहुंचे; आय में 30 लाख की हुई वृद्धि

उमरिया जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दिसंबर 2025 के दौरान पर्यटकों की संख्या और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। नववर्ष के उत्सव को लेकर देश-विदेश से आए पर्यटकों ने बांधवगढ़ को अपनी पहली पसंद बनाया, जिसका सीधा असर पर्यटन आंकड़ों पर देखने को मिला। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच पिछले वर्ष की तुलना में कुल 677 अधिक पर्यटक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे। इस दौरान विभाग को 30 लाख 14 हजार 853 रुपए की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। पर्यटकों ने कोर और बफर दोनों ही क्षेत्रों में जंगल सफारी का आनंद लिया। 23,844 पर्यटकों से 1.72 करोड़ का राजस्व आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में कोर क्षेत्र में भारतीय पर्यटकों की संख्या 16,950 और विदेशी पर्यटकों की संख्या 1,710 रही थी। वहीं, बफर क्षेत्र में 5,014 भारतीय और 170 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। इस तरह कुल 23,844 पर्यटकों के आगमन से विभाग को 1 करोड़ 72 लाख 94 हजार 334 रुपए का राजस्व मिला था। इसके विपरीत, दिसंबर 2025 में कोर क्षेत्र में भारतीय पर्यटक बढ़कर 18,187 हो गए, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 1,646 रही। बफर क्षेत्र में 4,579 भारतीय और 109 विदेशी पर्यटकों ने सफारी की। इस प्रकार, कोर और बफर क्षेत्रों को मिलाकर कुल 24,521 पर्यटक पहुंचे, जिनसे विभाग को 2 करोड़ 3 लाख 9 हजार 187 रुपए की आय हुई। देशी पर्यटकों से पर्यटन कारोबार मजबूत हालांकि, कुल पर्यटक संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आंकड़ों में विदेशी पर्यटकों की संख्या में मामूली कमी देखने को मिली है। इसके बावजूद, देश के पर्यटकों की मजबूत भागीदारी से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का पर्यटन कारोबार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *