चंडीपारा | मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झिलमिली पंचायत भवन के पास बुधवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच बड़ा हादसा हो गया। पामगढ़ की ओर से बिलासपुर–मुंगेली जा रहे मां-बेटे बाइक से झिलमिली पंचायत भवन के सामने से गुजर रहे थे। तभी पीछे बैठी महिला की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पहिए में फंस गया। इससे महिला सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर व कमर में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान पामगढ़ थाना में पदस्थ एएसआई रामदुलार साहू और प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय किसी कार्य से मुलमुला की ओर जा रहे थे। उन्होंने तुरंत गाड़ी रोककर घायल महिला को उठाया और एंबुलेंस की मदद से बिलासपुर अस्पताल भेजवाया। घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना की।


