मानकवाल इलाके में पार्किंग को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। घटना 21 जनवरी की शाम न्यू रेलवे कॉलोनी, मानकवाल की है। विवाद इतना बढ़ गया कि पति-पत्नी दोनों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। पीड़ित अनिल प्रसाद ने बताया कि वह शाम को काम से बाइक पर घर लौटे थे। उस समय उनकी पत्नी घर के बाहर आग जलाकर ताप रही थी, इसलिए उन्होंने कुछ देर के लिए बाइक गली में खड़ी कर दी। इसी दौरान पड़ोसी कार लेकर गली से गुजरने लगा और बाइक हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। अनिल के मुताबिक, कार निकलने की पर्याप्त जगह होने के बावजूद आरोपी बाइक हटाने की जिद करने लगे। जब कार आगे निकल गई तो आरोपी पड़ोसी उनकी पत्नी के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। पत्नी के साथ बदसलूकी होता देख अनिल प्रसाद मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने मिलकर दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पीड़ित ने थाना सदर पुलिस में शिकायत दी।शिकायत के आधार पर रवि सिंह, दीप सिंह और मनिंदर सिंह पर मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी इकबाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


