बारिश में सड़कें खोद दीं:मोहल्लों के अंदर बना रहे नाली, 3 लाख से ज्यादा लोग परेशान, काम खत्म कब होगा ये भी नहीं बता रहे

लोगों की परेशानी को खत्म करने निगम अफसर कितनी गंभीरता से योजना बनाते हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी ऐन बारिश के समय एक दर्जन से ज्यादा वार्डों में नाली और नाले बनाने के लिए खुदाई की जा रही है। इससे तीन लाख से ज्यादा लोगों को परेशानी हो रही है। सड़कों पर नाले बनाने की वजह से रास्ते तो जाम हो ही रहे हैं बारिश का पानी भी सड़कों पर भर रहा है। इसी तरह का हाल कई वार्डों का भी है। जहां पानी भरता है वहां पानी निकासी के लिए नालियां बनाई जा रही हैं। लेकिन बारिश होते ही मिट्टी सड़कों पर आ जाती है। लोगों को चलने में भी परेशानी होती है। नालियों के लिए लंबी खुदाई होने की वजह से लोग अपने घरों में भी नहीं जा पाते हैं। बारिश का पानी इन गड्ढों में भरता है तो और परेशानी और बढ़ जाती है। कई वार्डों में इस काम की वजह से दूसरी नालियां भी जाम हो गई हैं। जिसकी वजह से कचरा और नालियों का पानी लोगों के घरों के बाहर और सड़क पर जमा हो रहा है। यही वजह है कि लोग इस बात की शिकायत कर रहे हैं कि ऐन बारिश के समय इस तरह के काम नहीं होने चाहिए। पार्षद भी विरोध में, ​बोले- बिना योजना के काम हो रहा निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि जो काम बारिश के पहले हो सकते थे उसे अब किया जा रहा है। निगम में जो भी वर्क ऑर्डर होता है उसमें बारिश का समय छोड़कर निर्माण पूरा करने का समय दिया जाता है। इसके बावजूद बारिश में अभी काम हो रहा है। मौदहापारा वार्ड के पार्षद शेख मुशीर ने बताया कि बांबे मार्केट से जो नाला बनाया जा रहा है उसका काम पहले भी शुरू किया जा सकता था। लेकिन कई तरह के कारण बताकर ऐन बारिश के समय नाला बनाया जा रहा है। इससे वार्ड के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। एकात्म परिसर के पास दिन-रात रेत और गिट्टी बिखरी रहती है। गाड़ी वाले वहां गिर भी रहे हैं। इन जगहों पर नाले-नालियों का काम, वार्ड वाले परेशान
शहर में अभी महावीर नगर, राजेंद्र नगर, मौदहापारा, बैजनाथपारा, राजातालाब, गंजपारा, बैरनबाजार, पंडरी समेत कई जगहों पर नाले और नालियां बनाने का काम हो रहे हैं। इन सभी जगहों पर काम शुर हुए एक से दो हफ्ते ही हुए हैं। ऐसे में काम कब खत्म होगा अफसर ये भी नहीं बता पा रहे हैं। जैसे ही बारिश तेज होती है काम रुक जाता है। ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। नालों को बनाने के लिए लाया गया मटेरियल सड़कों पर बिखर जाता है। रेत बहकर सड़क पर जम रही है। इससे गाड़ी चलाने वालों को खासी परेशानी हो रही है। कई बार लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी रात में हो रही है। उस समय बारिश की वजह से स्थिति और बिगड़ जा रही है। वर्क ऑर्डर पहले ही जारी किया था
शहर में अभी जहां-जहां काम हो रहे हैं उनके लिए वर्कऑर्डर पहले ही जारी हो गए थे। लेकिन कई कारणों से काम अभी शुरू हुआ। जहां ज्यादा जलभराव की समस्या है वहां काम करवाना जरूरी है। ठेकेदारों से कहा गया है​ कि जल्द से जल्द काम पूरा करें। ताकि लोगों को परेशानी न हो।
विश्वदीप, कमिश्नर नगर निगम रायपुर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *