बालवाटिका के बच्चों को सर्दी में मिले गर्म कपड़े:शिक्षक के परिजनों ने 60 नन्हे विद्यार्थियों को बांटे स्वेटर-मोजे

झालावाड़ जिले के पनवाड़ कस्बे में स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल की बालवाटिका शाखा में एक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल में कार्यरत शिक्षक इंद्र गोस्वामी के परिजनों ने नन्हे विद्यार्थियों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े वितरित किए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्या लाड सुमन ने दीप प्रज्वलन कर की। शिक्षक इंद्र गोस्वामी के पिता काशीगिरी गोस्वामी निवासी गंगापुर सिटी, मामा मुकेश गोस्वामी और सास मंगलेश गोस्वामी निवासी अलवर ने बालवाटिका के लगभग 60 छात्र-छात्राओं को स्वेटर और मोजे प्रदान किए। गर्म कपड़े पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। शिक्षक इंद्र गोस्वामी ने बताया कि उन्हें पनवाड़ की बालवाटिका में कार्य करते हुए लगभग दो वर्ष हो चुके हैं। इस अवधि में उन्होंने बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को अपना लक्ष्य बनाया है। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी मूलभूत आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। दिसंबर माह में गांव प्रवास के दौरान उनके परिजनों ने बच्चों के लिए सर्दी के कपड़े वितरित करने की इच्छा व्यक्त की थी, जिससे बच्चों को कड़ाके की ठंड में बड़ी राहत मिली। इस अवसर पर छात्र दर्शील श्रृंगी के पिता अंकुर श्रृंगी ने फरवरी माह में स्कूल में इन्वर्टर लगवाने की घोषणा की। उनकी इस सहभागिता की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में बालवाटिका शाखा प्रभारी अजय शर्मा सहित कई पेरेंट्स और ग्रामीणजन मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्या लाड सुमन ने वीडियो कॉल के माध्यम से अलवर और गंगापुर सिटी निवासी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *