बालाघाट जिले के 150 युवाओं का चयन देश की प्रतिष्ठित कंपनियों टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, बेंगलुरु और टाटा मोटर्स, अहमदाबाद के लिए किया गया है। इनमें से युवतियां आईफोन का निर्माण करेंगी, जबकि युवक टाटा सिएरा एसयूवी को आकार देंगे। यह चयन जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा दूरस्थ ग्रामीण तथा पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों के तहत हुआ है। इसी क्रम में किरनापुर और उकवा में रोजगार मेले आयोजित किए गए थे। किरनापुर के दिलीप भटेरे कॉलेज में आयोजित मेले में 600 युवक-युवतियों ने भाग लिया, जबकि उकवा में हुए मेले में एक हजार युवक-युवतियां शामिल हुईं। इन मेलों में एलएंडटी, सीआईआई फाउंडेशन छिंदवाड़ा और प्रथम फाउंडेशन जबलपुर सहित कई बहुराष्ट्रीय तथा सामाजिक संस्थाओं ने तकनीकी, गैर-तकनीकी और सेवा क्षेत्र में रोजगार व प्रशिक्षण की जानकारी दी। कलेक्टर मृणाल मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के मार्गदर्शन में हुए इन मेलों से 100 युवतियों का चयन टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, बेंगलुरु के लिए हुआ है। यह कंपनी अमेरिकी एप्पल कंपनी के लिए आईफोन का निर्माण करती है। अब इन अत्याधुनिक मोबाइल फोन के निर्माण में बालाघाट जिले की युवतियों का योगदान होगा। वहीं, 50 युवकों का चयन टाटा मोटर्स, अहमदाबाद के लिए किया गया है, जहां टाटा सिएरा एसयूवी का निर्माण होता है। इस एसयूवी के निर्माण में बालाघाट जिले के युवाओं की भागीदारी होगी। इन रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को न केवल अवसर मिले, बल्कि यह भी प्रदर्शित हुआ कि जिले के युवा औद्योगिक क्षेत्र में योगदान देने में सक्षम हैं।


