बालाघाट के बुढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित गायत्री विद्या मंदिर की प्राचार्या पुष्पा तुरकर ने होमवर्क पूरा न करने पर छात्र गौरव भोकासे की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना में छात्र की बाईं जांघ पर गहरे निशान पड़ गए और खून जमने से वह जगह काली हो गई। शिकायत के बाद बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जांच कराई और स्कूल प्रबंधन को प्राचार्या को दो दिनों के भीतर पद से हटाने का निर्देश दिया है। होमवर्क अधूरा होने पर प्राचार्य ने की पिटाई छात्र गौरव भोकासे ने बताया कि जब वह अपनी कॉपी जांचने प्राचार्या के पास गया, तो होमवर्क अधूरा होने के कारण मैडम ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के कारण उसके पैर में दर्द हो रहा है और चलने में भी तकलीफ हो रही है। गौरव की मां शीतला भोकासे ने बताया कि इससे पहले उनके बेटे के साथ ऐसा कभी नहीं हुआ था। पिटाई के बाद प्राचार्या उनके घर आईं और पैर पकड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उनसे गलती हो गई है। हालांकि, उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। डीईओ ने प्राचार्य को हटाने का दिया निर्देश इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि अशासकीय शिक्षण संस्था गायत्री विद्या मंदिर, बुढ़ी की शिक्षिका पुष्पा तुरकर की छात्र गौरव भोकासे से मारपीट की शिकायत मिली थी। जांच के बाद स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि शिक्षिका को तुरंत पद से हटाकर दो दिनों के अंदर पालन प्रतिवेदन दिया जाए। प्रतिवेदन न देने पर संस्था के खिलाफ होगी कार्रवाई डीईओ ने चेतावनी दी कि अगर शिक्षिका को पद से पृथक नहीं किया जाता या पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया जाता, तो संस्था के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, कलेक्टर मृणाल मीना ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए थे। दो सदस्यीय समिति की जांच में छात्र से मारपीट के तथ्य सही पाए गए, जिसे प्राचार्या पुष्पा तुरकर ने भी स्वीकार किया है।


