बालाघाट के सुभाष उद्यान में सोमवार को भारत माता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह प्रतिमा काली पुतली चौक के पास लगाई जा रही है। इस कार्यक्रम में दुर्गा उत्सव समितियों और हनुमान चोला धारण करने वाले साधकों को भी सम्मानित किया जाएगा। दरअसल, आदिवासी समाज काली पुतली चौक पर बालाघाट की आदिवासी बाला को प्रदर्शित करती पानी के घड़े वाली काली पुतली के अस्तित्व पर भारत माता की प्रतिमा स्थापना से कोई आंच न आए, इसको लेकर विरोध करता आ रहा था। आयोजकों ने विरोधियों से कार्यक्रम में आकर अपनी आंखों से देखने का आग्रह किया है। नगर के काली पुतली चौक स्थित सुभाष उद्यान में लगभग 6 फीट ऊंची भारत माता की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। विश्व हिंदू परिषद ने इस पहल का स्वागत किया है। विहिप अध्यक्ष यज्ञेश लालू चावड़ा ने बताया कि जिले में पहली बार नगर में भारत माता की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। ये होंगे सम्मानित नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने बताया कि प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में प्रमुख विचारक गौतम खट्टर उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर बीते नवरात्र में दुर्गा उत्सव में कई समितियों की ओर से किए गए डेकोरेशन, स्वच्छता और अन्य निर्धारित मानदंडों में सर्वश्रेष्ठ समितियों को पुरस्कृत किया जाएगा। दशहरा चल समारोह में कठिन तपस्या कर हनुमान जी का स्वरूप धारण करने वाले साधकों को भी सम्मानित करेंगे।


