छत्तीसगढ़ के धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार की रात चलते ट्रक में आग लग गई। जिससो ट्रक धूं-धूंकर करीब डेढ़ घंटे तक जलता रहा। किसी तरह ट्रक ड्राइवर ने कूद कर अपनी जान बचाई। इस दौरान टोल प्लाजा के दोनों ओर 2 किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। मिली जानकारी अनुसार, यह घटना रात करीब 1 बजे की है। ट्रक जगदलपुर से रायपुर जा रहा था, तभी ब्रेक शू घिसने से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। घटना पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा की है। कड़ी मशक्कत के बुझी आग पुरूर थाना टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, आग लगने से हाईवे पर रात 1 बजे से 2:30 बजे तक दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही धमतरी और बालोद की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। इसके बाद देर रात तक सड़क को पूरी तरह क्लियर कराया गया। पांच लाख से अधिक का नुकसान टीआई शिशुपाल ने बताया कि, इस घटना में करीब 5 लाख से अधिक के नुकसान होने का अनुमान है। ट्रक मालिक को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक सुरक्षित है। समय रहते वाहन से कूदकर उसने अपनी जान बचा ली। फिलहाल, मामले पर आगे की जांच की जा रही है।


