अमृतसर | थाना ब्यास पुलिस ने 50 लाख फिरौती मांगने के आरोप में गैंगस्टर डोनी बल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित वनीत अरोड़ा निवासी पुराना बाजार ने बताया कि 30 दिसंबर शाम करीब 7 बजे विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को डोनी बल बताया। जब उन्होंने कॉल काट दी तो आरोपी ने व्हाट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजा। मैसेज में आरोपी ने धमकी दी कि यदि 50 लाख रुपए नहीं दिए गए, तो गंभीर नुकसान पहुंचाएगा। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी बलविंदर सिंह उर्फ डोनी बल निवासी सठियाला के खिलाफ केस दर्ज किया है। अमृतसर | थाना इस्लामाबाद पुलिस ने बाल विवाह के मामले में अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए ग्रंथी के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। आरोपी की पहचान ग्रंथी सुरिंदर सिंह के रूप में हुई है। याचिका में पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 2 दिसंबर को विवाह किया है और उन्हें परिजनों से खतरा है। अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए और सुरक्षा के लिए एसएसपी अमृतसर ग्रामीण को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि शादी के समय युवक की उम्र 21 साल से कम थी। शादी प्रेम नगर स्थित एक गुरुद्वारे में हुई था। इस आधार पर कोर्ट ने संबंधित ग्रंथी पर केस दर्ज करने के आदेश दिए।


