ग्राम बिंजारी में मुख्य सड़क पर फैला कीचड़ बीते कई महीनों से स्थानीय निवासियों के लिए नासूर बना हुआ है। मुख्य सड़क व आसपास की गलियों में कीचड़ के कारण आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि नाली निर्माण और कीचड़ की समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालात ऐसे हैं कि गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कलशयात्रा निकालनी पड़ी, जिसमें महिलाओं को मजबूरन कीचड़ में से होकर गुजरना पड़ा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश नजर आया। कीचड़ के कारण वाहन चालकों को भी विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी एवं विकास अधिकारी से अविलंब कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत, नाली निर्माण और कीचड़ से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है।


