बिजली उत्पादन प्लांट की एक यूनिट बंद, 2 से 3 घंटे हो रही कटौती, गर्मी में लोग परेशान

भास्कर न्यूज | जांजगीर लोड शेडिंग के कारण जिले के ग्रामीण इलाके में रात के समय दो से तीन घंटे तक बिजली बंद की जा रही है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। लोड शेडिंग का कारण कोरबा के डीएसपीएम प्लांट की एक यूनिट में तकनीकी खराबी आना है, जिससे बिजली का उत्पादन कम हो गया है। गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ गई है। इस वजह से जिले के ग्रामीण इलाके में रात के समय 2 से 3 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरबा पावर प्लांट की एक यूनिट में तकनीकी खराबी आने के कारण लोड शेडिंग किया गया है, जिससे बिजली बंद हो रही है। लोड शेडिंग का असर दूसरे जिलों में भी पड़ रहा है। कभी भी बिजली कटने से लोगों को जहां तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे बिजली की खपत बढ़ गई है, जिससे परेशानी बढ़ रही है। ^कोरबा की एक यूनिट में परेशानी आने के कारण लोड शेडिंग हो रही है। यूनिट में सुधार कार्य पूरा नहीं हो पाया है। गर्मी के कारण बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है। इसलिए सप्लाई नहीं हो पर ही है। – कमलेश नेताम, ईई, छग राज्य विद्युत मंडल चांपा तुस्मा सब स्टेशन क्षेत्र के इन गांवों के लोग हुए परेशान तुस्मा सब स्टेशन क्षेत्र के गांव तुस्मा, कुरियारी, रिंगनी, बेल्हा, गोधना, कुकदा, कुरियारी समेत केरा सब स्टेशन और पामगढ़ सब स्टेशन से जुड़े गांवों में लोड शेडिंग कर रात 10 से 12 बजे के बीच बिजली काटी गई है। बिजली बंद होने से 1 लाख से ज्यादा लोगों पर इसका असर पड़ा है। शादी का मौसम होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अभी तक पूरा नहीं हो पाया सुधार कार्य इधर… जांजगीर में आज से चलेगा प्री-मानसून मेंटेनेंस, होगी परेशानी जांजगीर| बिजली विभाग एक बार फिर आधे शहर में अगले 10 दिन पांच घंटे के लिए बिजली बंद करने वाला है। नैला जोन में आने वाले क्षेत्र में बिजली विभाग द्वारा प्री मानसून मेंटेनेंस किया जाएगा। पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई और अन्य सुधार कार्य किए जाएंगे, जिसके लिए 25 अप्रैल से लेकर 4 मई तक नैला जोन में आने वाले अलग-अलग जगहों पर तय समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। 25 अप्रैल को इनकम टैक्स ऑफिस, शिव मंदिर, अनंत विहार, शिवराम कॉलोनी, विष्णु विहार, बीडी महंत समेत अन्य जगहों पर 11 केवी लाइन का प्री-मानसून मेंटेनेंस करने के लिए पांच घंटे बिजली बंद की जाएगी। 26 अप्रैल को सैनिक विहार, मिशन कंपाउंड, बड़े नहर, चर्च के पास, राधाकृष्ण मंदिर, टेलीफोन एक्सचेंज, नया सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में बिजली कटौती की जाएगी। 27 अप्रैल को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कलेक्टोरेट और एसपी ऑफिस, न्यायालय, जिला अस्पताल, हसदेव विहार कॉलोनी समेत अन्य जगहों पर बिजली बंद की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *