हरदा में बिजली कंपनी के अधिकारियों ने शनिवार को पीलिया खाल स्थित नर्मदा ग्रीन कॉलोनी में बिजली चोरी का एक मामला पकड़ा है। यहां एक शेड बनाने के लिए सीधे बिजली के खंभे से तार डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। कंपनी ने बेल्डिंग मशीन चलाने वाले कृष्णा पासी के खिलाफ बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। मौके पर बेल्डिंग मशीन और लकड़ी काटने वाली दो कटर मशीनें चल रही थीं। कंपनी के जेई पवन बारस्कर ने बताया कि उन्हें कॉलोनी के आसपास के लोगों से बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान टीम ने पाया कि करीब साढ़े पांच किलोवॉट बिजली की चोरी की जा रही थी। टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर एक बेल्डिंग मशीन और लगभग सौ फीट तार जब्त किया है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में विकास कार्य करने वालों और आसपास के लोगों के बीच आपसी विवाद चल रहा है, जिसके कारण यह शिकायत की गई हो सकती है।


