बिजली लाइन को डम्पर से मारी टक्कर:लापरवाही से 33 हजार केवी लाइन को क्षतिग्रस्त किया, थाने में FIR दर्ज

बीकानेर के मुरलीधर व्यास नगर में शुक्रवार को एक डम्पर चालक ने लापरवाही बरतते हुए 33 हजार केवी लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे बीकेईएसएल कंपनी को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हो गया। कंपनी ने डम्पर चालक के खिलाफ नयाशहर थाने में मामला दर्ज करा दिया है। कंपनी में श्रमिक के रूप में काम करने वाले धर्मेद्र रुड़ला ने नयाशहर थाने में एफआईआर दी है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि करमीसर रोड पर मुरलीधर व्यास कॉलोनी में डम्पर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए 33 हजार केवी लाइन के खम्भे को टक्कर मार दी। जिससे लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसे वापस सही करने में कंपनी को करीब तीन लाख रुपए खर्च करने पड़े। कोई बड़ा हादसा भी इसी कारण हो सकता था। गनीमत रही कि किसी तरह का हादसा नहीं हुआ। डम्पर के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। चालक का नाम एफआईआर में नहीं दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात डम्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आमतौर पर खम्भों को चोट लगने पर बीकेईएसएल अपने स्तर पर इसे सही कर देता है लेकिन एफआईआर दर्ज कराने की नौबत नहीं आती। इस बार कड़ा रुख अपनाते हुए कंपनी ने एफआईआर दर्ज करवाई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *