करौली के बझेड़ा गांव में बुधवार को बिजली की लाइन से गिरी चिंगारी से सरसों के खेत में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग के विकराल रूप धारण करने के कारण अधिकांश फसल जलकर खाक हो गई। इससे किसान किस्तूरा मीणा को हजारों रुपए का नुकसान हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पानी और मिट्टी डालकर आग को काबू में करने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक खेत में खड़ी सरसों की अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी। स्थानीय निवासी लोकेश के अनुसार खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ। इस घटना से किसान को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। फसल को नष्ट होता देख किसान की आंखों में आंसू आ गए। अब किसान ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।


