लुधियाना| बिना किसी ब्याज और जुर्माने के बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने निवासियों से अपील की है कि वे वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) स्कीम का लाभ उठाएं और 31 जुलाई तक अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अवश्य जमा कराएं। निगम कमिश्नर ने वीरवार को सराभा नगर स्थित नगर निगम के ज़ोन डी कार्यालय में ज़ोनल कमिश्नरों, ज़ोनल सुपरिंटेंडेंट और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें निर्देश दिए कि बकाया राशि की वसूली में तेजी लाई जाए। साथ ही, डिफॉल्टरों के खिलाफ भी सख्ती बरतने के आदेश दिए गए। निवासियों को समय पर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने की सुविधा देने हेतु नगर निगम कमिश्नर डेचलवाल ने आदेश दिए हैं कि निगम के ज़ोनल सुविधा केंद्र शनिवार (26 जुलाई) और रविवार (27 जुलाई) को भी खुले रहेंगे।


