भास्कर न्यूज | जालंधर नगर कौंसिल बिलगा के इलाके में रिंग रोड बनेगी। ये कस्बा नूरमहल व फिल्लौर के नजदीक होने के कारण पुराने बाजारों व ट्रॉली उद्योगों के लिए जाना जाता है। ये एनआरआई बेल्ट है। रिंग रोड बनने से बिलगा कस्बे की तरफ भी लोकल शहरीकरण तेज हो सकेगा। इस बारे में विधायक इंदरजीत कौर ने कहा कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। तय किया जा रहा है कि कौन-सी जमीनें इसमें शामिल रहेंगी। आस है कि इसी साल प्रोजेक्ट आरंभ हो सकेगा। जालंधर में इकलौता बिलगा इलाका है, जो मेन हाईवे से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर है। इसे अब रिंग रोड के जरिए कनेक्टिविटी मिलेगी। ये प्रोजेक्ट करीब 55 करोड़ रुपए का है। जमीनों के अधिग्रहण से सटीक लंबाई, चौड़ाई तय हो जाएगी। सबसे पहले सरकार ने पंजाब में नगर कौंसिलों की कनेक्टिविटी का सर्वेक्षण कराया था, ताकि इलाकों की रोड्स चौड़ी हो सकें। सर्वे के बाद 2023 में कस्बों में लोकल रिंग रोड्स विकसित करने का विचार आया। प्रोजेक्ट की खासियत है कि जहां कहीं भी नहर-नालों आदि के पुल हैं, उन्हें नई जरूरतों के अनुसार अपग्रेड कर दिया जाएगा। यहां के एसडीएम दफ्तर ने जमीन अधिग्रहण का प्रोसेस पूरा करना है। जमीनों की कीमत तय होने के बाद ही अधिग्रहण होगा। बिलगा का महत्व 1. िबलगा को श्री गुरु अर्जुन देव जी का चरण स्पर्श प्राप्त है। श्री गुरु अर्जुन देव जी का ऐेतिहासिक गुरुद्वारा माओ साहिब सुशोभित है। गुरु जी की बारात यहां ठहरी थी। 2 बिलगा की जनसंख्या 2011 के सर्वेक्षण के मुताबिक 10,201 रही। अब लगभग दोगुनी हो चुकी है। 3 सेनानी बाबा भगत सिंह बिलगा का ये पैतृक स्थान है।


