एमपी के प्रमोटी आईएएस और अजाक्स के प्रांताध्यक्ष संतोष वर्मा के ब्राह्मण समाज की बेटियों पर दिए गए बयान पर देशभर में विरोध बढ़ता जा रहा है। बिहार विधानसभा में लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक राजू तिवारी ने संतोष वर्मा के बयान का जिक्र करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।
लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक राजू तिवारी ने बिहार विधानसभा में कहा मैं ब्राह्मण बिरादरी से आता हूं। एक वरिष्ठ आईएएस जिनका नाम है संतोष वर्मा.. किसी भी जाति की बेटी के बारे में जो गंदी बात उन्होंने बोली है एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए। ये निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी कार्रवाई हो कि फिर कोई जुर्रत न करे मैं सदन से मांग करूंगा कि किसी की बहन-बेटी के बारे में बोलने का किसी को अधिकार नहीं हैं। मैं सदन से मांग करूंगा कि ऐसे आईएएस पर कार्रवाई हो। उनके ऊपर एफआईआर दर्ज हो और इतनी कठोर कार्रवाई हो कि किसी भी जाति का कोई व्यक्ति किसी समाज के बारे में बोलने की जुर्रत न कर सके। एमपी विधानसभा के पूर्व स्पीकर बोले: आईएएस अवार्ड वापस हो
एमपी विधानसभा के पूर्व स्पीकर और बीजेपी विधायक सीतासरण शर्मा से भास्कर ने पूछा मुख्यमंत्री से आप लोगों ने मांग की उसके बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही? शर्मा ने कहा हां थोड़ा चिंता का विषय तो है क्योंकि जिस जज ने ऑर्डर किया था उनके खिलाफ कार्रवाई हो गई। लेकिन मैं सोचता हूं किसी भी एक्शन के पहले पूरी इंक्वायरी आवश्यक होती है। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
चूंकि बयान अखबारों में आया है इसलिए कई बार ऑर्डर्स हाईकोर्ट में टिकते नहीं और उन्होंने जो स्पष्टीकरण दिया कि मैंने कोई गलती नहीं की। वो फिर कहेंगे कि मेरे खिलाफ बिना जांच कार्रवाई कर दी। उनके खिलाफ न केवल इस मामले में बल्कि उन्होंने जो जाली सर्टिफिकेट बनाया उसमें कार्रवाई होनी चाहिए। UPSC से उनका IAS अवार्ड वापस लेना चाहिए।


