राजधानी रांची में एक बार फिर बर्ड फ्लू ने दस्तक दी है। बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के बिरसा वेटरनरी कॉलेज के पोल्ट्री फॉर्म के मुर्गों के सैंपल की जांच में एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा मिला है। 5 और 6 फरवरी को आईसीएआर-एनआईएचएसएडी भोपाल में हुई जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर एहतियाती कदम उठाने को कहा है। संक्रमण की पुष्टि के बाद अब 10 किलोमीटर की परिधि में पक्षियों की निगरानी होगी। वन क्षेत्र में मौजूद पक्षियों के वेस्ट कलेक्शन और सैंपलिंग की जाएगी। पोल्ट्री फार्म के बचे हुए मुर्गों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। संक्रमित क्षेत्र की पूरी तरह सफाई कर इसे संक्रमणमुक्त किया जाएगा। जहां संक्रमण फैला, वहां से एक किलोमीटर के दायरे में जिला प्रशासन के सहयोग से कुक्कुट पालन का सर्वे होगा। संक्रमण केंद्र से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित कर इन्फ्लूएंजा संक्रमण की सघन निगरानी की जाएगी।


