बीकानेर के उदासर में आज जैन भागवती दीक्षा ग्रहण करेंगे ब्यावर के अनीष काठेड़, लगाए जयकारे

भास्कर न्यूज | ब्यावर बीकानेर के उदासर में आज दीक्षा ग्रहण करने वाले मुमुक्षु अनीष काठेड़ के बहुमान में ब्यावर में वरघोड़ा निकाला गया। इसमें श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। अपने आराध्य गुरु व्यसन मुक्ति के प्रेरक आचार्य रामेश के मुखारविंद से मुमुक्षु बुधवार को जैन भागवती दीक्षा ग्रहण करेंगे। 20 वर्ष की उम्र में अनीष काठेड़ के इस साहसिक कदम की ब्यावर सहित देश भर में श्रावक-श्राविकाओं ने अनुमोदना करते हुए वरघोड़ा निकाला। इसमें सकल जैन समाज सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीति संगठनों के प्रमुखों ने शिरकत कर संयम की दिव्य अनुमोदना की। सुबह लोकाशाह नगर स्थित वीर माता नीता काठेड़ के आवास से मुमुक्षु अनीष के वरघोड़े का आगाज सामूहिक नवकार महामंत्री की लहरियों व भगवान महावीर, आचार्य नानेश सहित आचार्य रामेश व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनिजी के जयकारों से हुआ। लोकाशाह नगर स्थित मुमुक्षु के आवास से शुरू हुआ वरघोड़ा मेवाड़ी गेट, सिटी डिस्पेंसरी, श्री टावर, महावीर बाजार, भारत माता सर्किल, पाली बाजार, लोहारान चौपड़, मालियान चौपड़ होते हुए आचार्य नानेश मार्ग स्थित समता भवन पहुंचा। जहां संघ प्रमुखों ने मुमुक्षु व वीर परिवार की अगवानी करते हुए समता भवन में जयकारों के बीच प्रवेश कराया। जहां आचार्य के संत एवं महासती मंडल ने मुमुक्षु को आशीर्वचन प्रदान किए। इस मौके पर आचार्य राम गुरु के अंतेवासी सुश्रावक अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा ने दीक्षा के संदर्भ में व्यापक जानकारी देते हुए मुमुक्षु अनीष के दीक्षा महोत्सव में भाग लेने का आग्रह किया। संघ अध्यक्ष गौतम चौधरी, महामंत्री धर्मी चंद ओस्तवाल ने स्वागत करते हुए आभार जताया। शोभायात्रा जुलूस में मुमुक्षु के स्वागत व उनकी एक झलक पाने को आमजन आतुर दिखाई दिए। मुमुक्षु के साथ उनकी मां नीता व बहनें विशेष विरति रथ में सवार होकर आमजन को अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। वीर माता और बहनें आमजन को अपने हाथ से प्रभावना दे रहे थे। विभिन्न स्थानों पर मोतियों की माला, शॉल, साफा व स्मृति चिह्न के साथ अभिनंदन किया गया। जैन मित्र मंडल, समता युवा संघ, महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मुमुक्षु अनीष काठेड़ का विराट पांडाल में बहुमान व अभिनंदन हुआ। मुमुक्षु ससंघ पहुंचे दीक्षा स्थल उदासर संघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद मूथा व विनय रांका ने बताया कि बसों व विभिन्न साधनों से 250 से ज्यादा गुरुभक्त अनीष काठेड़ के साथ दीक्षा स्थल उदासर-बीकानेर पहुंचे। मंगलवार सुबह गुरु दर्शन व आशीर्वाद से मुमुक्षु सहित श्रावक-श्राविकाएं अभिभूत दिखाई दिए। जहां मुमुक्षु व वीर परिवार का संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने सामूहिक अभिनंदन किया। बुधवार सुबह 8.15 बजे मुमुक्षु अनीष की दिव्य एवं भव्य महाभिनिष्क्रमण यात्रा के साथ ही सुबह 9.15 बजे जैन भागवती दीक्षा महोत्सव में मुमुक्षु अपने आराध्य राम गुरु के हाथों दीक्षित हाकर विधिवत जैन साधु बनेंगे। इस दीक्षा महोत्सव के ब्यावर सहित देश भर से हजारों श्रावक-श्राविकाएं साक्षी बनेंगे। इसी प्रकार महिला मंडल प्रमुख वीना नाहर के नेतृत्व में भी उदासर के लिए दल रवाना हुआ। इनमें स्नेहलता श्रीश्रीमाल, विमलेश ओस्तवाल, शशिकला डांगी, पिंकी लोढ़ा सहित अन्य सदस्य शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *