भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल बुधवार को सागर पहुंचे। मोतीनगर चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मंत्री और विधायकों के समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करते हुए नजर आए। सभी नेताओं ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। मोतीनगर चौराहे से स्वागत रथ पर सवार होकर प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल भाजपा कार्यालय पहुंचे। रास्ते में जगह-जगह बुंदेली पंरपरा और पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। रथ पर उनके साथ जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सांसद लता वानखेड़े, कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया समेत अन्य मौजूद थे। भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल ने सागर शहर और ग्रामीण जिले की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति के बारे में बात की। इसके बाद उन्होंने सांसद, जिला अध्यक्ष और विधायकों की बंद कमरे में बैठक ली। बैठक में सागर में पार्टी की स्थिति और अन्य बिंदुओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सागर पहली बार आए हैं। यहां पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने आया हूं। सागर में पार्टी की गुटबाजी के सवाल पर बोले कि पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। मेरे आने के बाद बात देखना, ऐसा कुछ नहीं है। इस दौरान भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा, देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


