पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के 32वें बी.एल. नेवटिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में सेरसा चक्रधरपुर ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहले सेमीफाइनल में लारसन क्लब चाईबासा को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में लारसन क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम 18.3 ओवर में 125 रन पर ऑल आउट हो गई। लारसन क्लब के लिए अक्षत पटेल ने 34, तौसिफ अहमद ने 31 और सचिन भाटी ने 21 रन बनाए। सेरसा की ओर से प्रकाश सीट ने 3 विकेट लिए। हिमांशु शर्मा और अमित दास ने 2-2 विकेट झटके। 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेरसा चक्रधरपुर ने कमाल कर दिया। टीम ने मात्र 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर मैच जीत लिया। विकेटकीपर बल्लेबाज कमल गोप ने 67 रन नाबाद बनाए। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। हिमांशु शर्मा ने 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 53 रन नाबाद बनाए। फाइनल मुकाबला 23 फरवरी को दोपहर एक बजे से होगा। सेरसा का सामना दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। यह मैच एस.आर. रुंगटा ग्रुप और प्रताप क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।


