सिविल सर्जन डॉ. अमरजीत कौर की अगुवाई में जिले के विभिन्न सेहत संस्थानों और वृद्ध आश्रमों में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया गया। इस मौके पर डॉ. अमरजीत कौर ने कहा कि बुजुर्ग समाज का अनमोल हिस्सा हैं, जिनका सम्मान और देखभाल करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। बुजुर्गों को न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी सहारा देना आवश्यक है, क्योंकि इस उम्र में भावनात्मक साथ की जरूरत होती है। जिला अस्पताल संगरूर में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए मंगलवार और शनिवार को मुफ्त ओपीडी, लैब टेस्ट, ईसीजी, एक्स-रे और दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके साथ ही विशेष वार्ड में बुजुर्गों के लिए आरक्षित बिस्तर और अन्य सुविधाएं भी दी जाती हैं।


