सीहोर जिले के बुधनी में एक महिला ने पुल से नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि वहां मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने तुरंत उसे नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, आज एक महिला ने बुधनी स्थित नर्मदा नदी में अचानक छलांग लगाई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे कूदते देखा और तत्काल अन्य लोगों को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस महिला की पहचान में जुटी
घटना की सूचना बुधनी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला कौन है और उसने किस कारण से नर्मदा नदी में छलांग लगाई। पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ भी समझने का मौका नहीं मिला। इस मामले में एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि महिला अभी बोलने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण वह कुछ भी बता नहीं पा रही है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है, स्थिति बेहतर लगने पर महिला से पूछताछ की जाएगी।


