बुबानी ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने राज्य स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समग्र शिक्षा के तहत विद्यालय में संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत, विद्यालय के एक छात्र ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्किल एक्जीबिशन कम प्रतियोगिता में मिली। कक्षा 9 के छात्र पवन रावत ने कृषि ट्रेड पर एक मॉडल प्रदर्शित किया, जिसके लिए उन्हें द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पवन की इस सफलता पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया और विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। एडवोकेट प्रकाश रावत ने प्रधानाचार्य मलका बक्ष, दलीप कुमार ढीलाण और देवेंद्र कुमार शर्मा को बुके भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की। एडवोकेट प्रकाश सिंह रावत ने बताया कि पवन सिंह रावत ने बुबानी गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के अभाव के कारण कई छात्र पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते, लेकिन पवन की राज्य स्तर पर दूसरी रैंक अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पवन सिंह रावत ने अपनी सफलता का श्रेय एडवोकेट प्रकाश सिंह रावत को दिया, जिन्हें वह बचपन से अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह रावत से मिली प्रेरणा के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। पवन ने अपने सभी गुरुजनों को भी हृदय से धन्यवाद दिया।


