बेंगलुरु से वृंदावन जा रही कार नेशनल हाईवे पर पलटी:बैतूल में दो कारें आपस में भिड़ीं; दो बाइक सवार भी फिसले; 5 घायल

बैतूल जिले में नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर रविवार को सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण एक के बाद एक हादसे हो गए। बेंगलुरु से मथुरा-वृंदावन जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद उसी स्थान पर दो अन्य कारें आपस में टकरा गईं, जबकि दो बाइक सवार भी फिसलकर गिर पड़े। इन हादसों में कुल पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कार पलटने के बाद स्थानीय लोग उसे हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही दो कारें सड़क पर बिखरी गिट्टी के कारण फिसल गईं और आपस में टकरा गईं। इसके साथ ही दो बाइक सवार भी संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में बेंगलुरु निवासी कार ड्राइवर दिलीप चौबे (44), बडोरा निवासी जुगन बाई (85), बारहमासी सुरगांव निवासी खामदेव (32), सुरगांव निवासी सरस्वती (55) और प्रताप वार्ड टिकारी निवासी रामनाथ (65) घायल हुए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया गिट्टी को हादसे की वजह
घटनास्थल पर पहुंचीं टीआई अंजना धुर्वे ने बताया कि नेशनल हाईवे पर बिखरी गिट्टी ही इस हादसे का मुख्य कारण रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी डंपर से गिट्टी सड़क पर गिर गई थी, जिसे समय पर नहीं हटाया गया। पुलिस ने तत्काल गिट्टी हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उस डंपर चालक की तलाश की जा रही है, जिसने हाईवे पर गिट्टी गिराई। मामले की जांच जारी है। वन-वे कर चलाया गया रेस्क्यू अभियान
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे को अस्थायी रूप से वन-वे कर रेस्क्यू अभियान चलाया। मौके पर एडिशनल एसपी कमला जोशी, टीआई अंजना धुर्वे और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों की निगरानी में करीब दो किलोमीटर लंबे हिस्से में फैली गिट्टी को हटाने का काम किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे सामान्य किया जा सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *