बेटी के तिलक से लौटे परिवार के घर चोरी:शादी से पहले 31 लाख का सामान गायब, पड़ोसी पर जताया शक

मऊगंज जिले में एक परिवार की बेटी की शादी से पहले घर में 31 लाख रुपये से अधिक की चोरी हो गई। बरयाकला ग्राम पंचायत के कुसुड़ी गांव निवासी रमाशंकर पांडेय के घर यह घटना तब हुई, जब परिवार बेटी का तिलक चढ़ाने गया था। रमाशंकर पांडेय अपनी बेटी का तिलक चढ़ाने हनुमना थाना क्षेत्र के नाउन गांव गए थे। 19 फरवरी को बेटी की बारात आनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जब परिवार वापस लौटा, तो उन्होंने घर का पिछला दरवाजा खुला पाया। घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए। कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारी व पेटियों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने घर में घुसकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोरों ने घर से 20 हजार रुपये नकद, 14 तोला सोना और 2 किलो 180 ग्राम चांदी सहित कुल 31 लाख 61 हजार रुपये का सामान चुरा लिया। इस चोरी से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने इस घटना में पड़ोसी पर संदेह जताया है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, तिलक में जाते समय घर की चाबी रखवाली के लिए पड़ोसी को ही दी गई थी। रमाशंकर पांडेय ने बताया, “हम लोग बच्ची का तिलक चढ़ाने गए थे और घर की चाबी पड़ोसी को देकर गए थे। रात करीब 12 बजे लौटे तो घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। लगभग 31 लाख 61 हजार रुपये की चोरी हो गई।” उन्होंने आगे कहा, “हमने तुरंत 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। हमें उसी पर संदेह है जिसे चाबी दी थी, क्योंकि घटना के बाद से वह हमारे पास नहीं आया। हम चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।” घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *