जगदीशपुर| बेतेल मेनोनाइट चर्च जगदीशपुर के तत्वावधान में सोमवार को आयोजित वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम के अंतर्गत मैरिड व बैचलर महिला-पुरुष वर्ग के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में महिला वर्ग में बैचलर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं पुरुष वर्ग के क्रिकेट मुकाबले में मैरिड टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बड़े अंतर से बैचलर टीम को पराजित किया। दोनों ही मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का परिचय दिया। खेलकूद में कुर्सी दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चकरी फेंक, जलेबी दौड़ सहित बच्चों से लेकर बुजुर्गों के लिए 100 मीटर दौड़ जैसी अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस आयोजन में समाज के बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना का शानदार परिचय दिया।


