बेसबॉल प्रीमियर लीग 16 से, शार्क, ईगल पेंथर व बुल्स आपस में भिड़ेंगे, 10 मैच होंगे

भास्कर न्यूज | कवर्धा कवर्धा में बेसबॉल प्रीमियर लीग 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट कवर्धा के छिरपानी कॉलोनी ग्राउंड में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 16 मई से शुरू होकर 18 मई यानी 3 दिन तक चलेगा। आयोजन प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से किया जा रहा है। कवर्धा बेसबॉल संघ के सचिव व प्रशिक्षक राजा जोशी ने जानकारी दी। प्रतियोगिता में चार टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें शार्क, ईगल, पेंथर और बुल्स शामिल हैं। प्रत्येक टीम में 12-12 खिलाड़ी रहेंगे। खास बात ये है कि चारों टीम में 15 खिलाड़ी बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर और मुंगेली के भी रहेंगे। इनमें 7 खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो इंटरनेशनल लेवल (अंतरराष्ट्रीय स्तर) पर खेल चुके हैं। प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों के शामिल होने से बाकी खिलाड़ियों को उनकी अनुभव का लाभ मिलेगा। वैसे भी स्थानीय बेसबॉल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए इस प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट में कुल 10 मैच खेले जाएंगे। पहले लीग मैच होगा, जिसमें सभी टीमों के बीच 6 मुकाबले होंगे। फिर पहला क्वालीफायर मैच होगा। इसमें जीतने वाली टीम सीधे ग्रैंड फाइनल में पहुंचेगी। उसके बाद एलिमिनेटर राउंड होगा। इसमें दो लूजर टीमें भिड़ेंगी। फिर क्वालीफायर राउंड-2 मैच खेला जाएगा। इसमें पहले क्वालीफायर मैच हारने वाली और एलिमिनेटर राउंड में जीतने वाली टीम के बीच मुकाबला होगा। इसमें जीतने वाली टीम ग्रैंड फाइनल खेलेगी। शाम को होगा उद्‍घाटन पहले दिन चार मैच होंगे बेसबॉल प्रीमियर लीग का शुभारंभ 16 मई की शाम 6 बजे होगा। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वर साहू रहेंगे। बेसबॉल संघ के सचिव राजा जोशी ने बताया कि तीन दिन का यह टूर्नामेंट रहेगा। पहले दिन 4 मैच खेले जाएंगे। दूसरे दिन 3 और तीसरे व अंतिम दिन भी 3 मैच होंगे। बताया कि बेसबॉल टूर्नामेंट का यह पांचवां सीजन है। प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी की आेर से छिरपानी ग्राउंड में बेसबॉल की निशुल्क ट्रेनिंग दी जा रही है। अभी 60 खिलाड़ी नियमित रूप से प्रेक्टिस करते आ रहे हैं। बेसबॉल संघ के सचिव व कोच राजा जोशी नए प पुराने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *