खंडवा नगर निगम ने घंटाघर क्षेत्र में बेसमैंट में अवैध तरीके से व्यापार करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान 4 कपड़ा दुकानों और एक क्लिनिक को सील कर दिया। इस दौरान नगर निगम के आला-अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी आयुक्त एसआर सिटोले ने बताया कि इन सभी दुकानों को शनिवार को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन दुकानदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। नोटिस के बावजूद अवैध व्यवसाय करते रहे। यही वजह है कि आज कार्रवाई की गई। अब पूरे शहर में इस तरह चेकिंग कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बेसमैंट का उपयोग केवल पार्किंग या गोदाम के लिए किया जा सकता है। इनमें किसी भी प्रकार की व्यवसायिक गतिविधि पूर्णतः प्रतिबंधित है। वीनाबाई संगतवानी, घनश्याम दास संगतवानी, भारत रूपचंद संगतवानी, पद्मावती माहेश्वरी, विमल चंद जैन की दुकानों पर कार्रवाई की गई है।


