आगर मालवा में शनिवार दोपहर बैजनाथ मंदिर के पास हेलीपैड क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव मिला है। दोपहर करीब 12 बजे मंदिर के पुजारी मुकेश पूरी और स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल आगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसकी मौत के कारणों का भी खुलासा नहीं हुआ है। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना के संबंध में सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत आगर कोतवाली पुलिस से संपर्क करें। शव को सुरक्षित रखा गया है और पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


