भास्कर न्यूज | कोरबा निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी और सदस्यों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दुकानों और घरों में सोलर पैनल लगाने प्रेरित किया। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और कॉम्प्लेक्सों में अग्नि दुर्घटना और चोरी की घटनाओं को रोकने भी चर्चा की। आयुक्त पांडेय ने कहा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना का लाभ उठाकर बिजली बिल से बच सकते हैं। शासन की ओर से एक किलोवाट क्षमता पर 45 हजार, 2 किलो वाट पर 90 हजार, 3 किलो वाट या इससे अधिक क्षमता पर 1 लाख 8 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। सोलर पैनल विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड से कनेक्ट रहेगी। निर्धारित समय पर उत्पन्न बिजली यूनिट व घरों में खपत बिजली यूनिट का कैलकुलेशन होगा। खपत के बाद शेष बची अतिरिक्त बिजली यूनिट की कीमत भी मिलेगी। उन्होंने कहा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्सों में आगजनी की घटनाओं को रोकने फायर ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की टीम गठित होगी। अग्निशमन व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई भी संभव है। उन्होंने कहा टीपी नगर क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने प्रयास किया जा रहा है। टीपी नगर में पहले से ही तीन पार्किंग हैं। इन पार्किंग क्षेत्र में वाहनों के कबाड़ रखकर अवैध कब्जे कर लिए गए हैं, इसे हटाया जाएगा। पार्किंग और यातायात व्यवस्था ठीक करने सभी का सहयोग जरूरी है। इसके साथ ही दुकानों के सामने रोड कवर करते सीसी कैमरा लगाने की जरूरत बताई। इससे चोरी और अन्य अपराधी घटनाओं से बचा जा सकेगा। चैंबर अध्यक्ष योगेश जैन और पदाधिकारियों ने कहा कि शहर को व्यवस्थित बनाने सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने टीपी नगर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन की व्यवस्था करने की मांग की। शहर के बीच में फायर ब्रिगेड स्टेशन नहीं होने से फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल पर समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। चेंबर पदाधिकारियों की बैठक लेते निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय।


