सकरी | ग्राम पंचायत छतौना में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर पंचायत भवन परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर सख्ती से कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शराब सेवन या अवैध शराब कारोबार करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को जेल भेजा जाएगा। बैठक में सरपंच राधिका राकेश कौशिक ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जानकारी भी दी गई। अंत में रंग-गुलाल के साथ होली मिलन समारोह हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। बैठक में उपसरपंच रत्ना रामेश्वर मानिकपुरी, विहान समिति अध्यक्ष रेणु गुप्ता, भूषण रजक, संजय घोष, दुर्गेश साहू आदि मौजूद रहे।


