बैतूल की बडोरा कृषि उपज मंडी में माल उठाव में लापरवाही के आरोप में 12 व्यापारियों पर जुर्माना लगाया गया है। एसडीएम अभिजीत सिंह ने यह कार्रवाई की, जिससे मंडी में हलचल मच गई। कुल लगभग पाँच लाख रुपये का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। एसडीएम अभिजीत सिंह के अनुसार, यह जुर्माना प्रति क्विंटल 10 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से तय किया गया है। इनमें से तीन व्यापारियों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई व्यापारी खरीदी गई उपज को मंडी के शेड में ही रखे हुए थे। इसके कारण किसानों की उपज खुले में पड़ी रहती है और अक्सर बारिश में भीग जाती है। यह समस्या वर्षों से चली आ रही थी, जिस पर एसडीएम ने सख्त रुख अपनाया। हालांकि, व्यापारियों ने इस जुर्माने का विरोध करते हुए भुगतान करने से इनकार कर दिया है। व्यापारी संघ अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि मंडी छोटी है और उपज की आवक बहुत अधिक है। उन्होंने रेलवे रैक की अनुपलब्धता और वेयरहाउस भरे होने को उपज रखने में आ रही समस्या का कारण बताया। अग्रवाल ने कहा कि वे रात में उठाव का प्रयास करते हैं, लेकिन दिन में किसानों की भीड़ के कारण ट्रक नहीं लग पाते। इस कार्रवाई के बाद देर शाम तक कलेक्टर, एसडीएम और मंडी सचिव के बीच बैठक हुई। इसमें मंडी संचालन व्यवस्था और माल उठाव की समस्या पर चर्चा की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया, जिसके बाद कलेक्टर ने नागपुर के रेलवे अधिकारियों से रैक उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की है।


