बैतूल में भगवा ध्वज को जलाने की घटना से हिंदू समाज में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में सकल हिंदू समाज ने बुधवार को एसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों पर कठोर कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि हिंदू समाज द्वारा विभिन्न वार्डों—टैगोर, जवाहर, गणेश, जयप्रकाश और विकास वार्ड में धार्मिक कार्यक्रमों के तहत भगवा ध्वज लगाए गए थे। 9 से 10 जनवरी की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन ध्वजों को हटाकर जला दिया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और शहर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। आरोपियों पर कठोर कार्रवाई हो इस घटना के संबंध में थाना बैतूलगंज में अपराध क्रमांक 08/26 दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। सकल हिंदू समाज ने ज्ञापन में मांग की है कि दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, जिसमें बुलडोजर कार्रवाई भी शामिल हो। साथ ही, आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो हिंदू समाज आंदोलनात्मक रुख अपना सकता है।


