बैतूल जिले में एक बार फिर सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार-शनिवार की रात तापमान गिरकर 9.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिसके कारण सुबह से ही कड़ाके की ठंड महसूस हुई। दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहा और हल्की ठिठुरन बनी रही। पिछले कुछ दिनों में बादलों और कम दबाव के कारण मौसम में गर्माहट थी और रात का तापमान 16–17 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लेकिन बुधवार के बाद मौसम अचानक बदला। बुधवार-गुरुवार की रात न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री था, जो गुरुवार से शुक्रवार के बीच घटकर 12.5 डिग्री पहुंचा और शुक्रवार-शनिवार की रात और गिरकर 9.7 डिग्री पर आ गया। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण दिन का तापमान भी नीचे आया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री था, जो शुक्रवार को 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। दो दिनों में कुल मिलाकर करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दिनों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। ठंड बढ़ने का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. रानू वर्मा ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की संख्या 800 से बढ़कर लगभग 1200 तक पहुंच गई है। उन्होंने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने और ठंडी चीजों से परहेज करने की सलाह दी है।


